कुथरेल और अंडा में अवैध गुटखा फैक्ट्रियों का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार..

रमेश गुप्ता दुर्ग । जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने ग्राम कुथरेल और अंडा क्षेत्र में संचालित दो अवैध गुटखा निर्माण एवं पैकेजिंग इकाइयों पर छापेमार कार्रवाई कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल, रसायन, निर्माण मशीनें, पैकेजिंग सामग्री तथा तैयार और अर्द्धनिर्मित गुटखा उत्पाद जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना अंडा क्षेत्र के अंतर्गत कुछ स्थानों पर अवैध रूप से गुटखा निर्माण एवं पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना अंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों स्थलों पर दबिश दी। जांच के दौरान वहां गुटखा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, मशीनें और तैयार उत्पाद पाए गए।

प्रारंभिक जांच में बिना किसी वैधानिक अनुमति के व्यावसायिक स्तर पर गुटखा निर्माण और पैकेजिंग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मौके से बरामद समस्त सामग्री को जब्त करते हुए कार्रवाई की। मामले में संलिप्त 10 लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना अंडा में अपराध क्रमांक 63/2026 एवं 64/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के बांदा, हरदोई, उन्नाव, कानपुर और फतेहपुर जिलों के निवासी बताए गए हैं, जो यहां रहकर कथित रूप से अवैध गुटखा निर्माण कार्य में लगे हुए थे।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह अवैध कारोबार आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। जब्त सामग्री की जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि तैयार उत्पादों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी और इस नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक एवं प्रतिबंधित उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे और कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *