राजनांदगांव । पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज बालाजी राव ने शुक्रवार को रेंज के सभी जिलों की अपराध समीक्षा बैठक लेकर लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों के निपटारे, यातायात व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
छह माह से अधिक लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने रेंज के विभिन्न जिलों में छह माह से अधिक समय से लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान तथा शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके और पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनी रहे।
मोटरयान अधिनियम और वारंट तामिली पर विशेष जोर
आईजी श्री राव ने मोटरयान अधिनियम के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्थायी वारंटों की तामिली में तेजी लाने तथा फरार आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
न्यायालयीन प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण की हिदायत
बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय में लंबित जवाब-दावा संबंधी प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को न्यायालयीन मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सामुदायिक पुलिसिंग और गश्त व्यवस्था होगी मजबूत
अपराधों की रोकथाम और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आईजी ने सामुदायिक पुलिसिंग गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संध्याकालीन टाउन पेट्रोलिंग तथा रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और नागरिकों का विश्वास बढ़ेगा।
विभागीय कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान थाना निरीक्षण, प्रशासनिक कार्यों तथा अन्य विभागीय गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छह माह से अधिक लंबित अपराध एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण।
मोटरयान अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई
स्थायी वारंटों की तामिली में तेजी।
न्यायालयीन प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा।
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा।
संध्याकालीन एवं रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था को मजबूत करना
बैठक में पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए समन्वित एवं परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने पर विशेष बल दिया गया।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
अपराध समीक्षा बैठक में बालाजी राव के साथ वाई.पी. सिंह, धर्मेंद्र सिंह, लक्ष्य शर्मा तथा अंकिता शर्मा उपस्थित रहे।
आईजी बालाजी राव ने ली राजनांदगांव रेंज की अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

30
May