कांठमाडू। नेपाल के रोल्पा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 तीर्थयात्रियों की जान चली गई है। थवांग ग्रामीण नगरपालिका के जलजाला क्षेत्र में गुरुवार को एक निजी बोलेरो जीप पहाड़ी रास्ते से फिसलकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। भारी बारिश के कारण सड़क पर जमा कीचड़ को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया।
हादसा इतना भयानक था कि जीप के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नेपाल के पहाड़ी इलाकों में खराब मौसम और फिसलन भरे रास्तों के कारण अक्सर इस तरह की दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हाल ही में मध्य नेपाल में भी एक बस हादसे में 12 लोगों की मौत हुई थी।
रोल्पा जिले की भौगोलिक स्थिति और दुर्गम रास्ते अक्सर जानलेवा साबित होते हैं। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बारिश की वजह से टायर फिसलने से ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया था। फिलहाल प्रशासन मृतकों की पहचान करने और घायलों की मदद करने में जुटा है।