बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़ी ट्रैक्टर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 4 दोस्तों की मौत

Balrampur Road Accident : बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां सनावल थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत हो गई। चारों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर साप्ताहिक बाजार से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पीपरपान मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ी एक ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दो युवकों की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त रविवार को डिंडा गांव में लगे साप्ताहिक बाजार गए हुए थे। शाम को बाजार से लौटते समय उनकी बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। पीपरपान मोड़ के पास ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी। अंधेरा होने और तेज रफ्तार के कारण बाइक सवार युवक खड़ी ट्रैक्टर को देख नहीं पाए और सीधे उसके पीछे जा घुसे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े। दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, वहीं गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

परिजनों का आरोप: बिना रिफ्लेक्टर के गलत तरीके से पार्क था ट्रैक्टर

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चालक ने ट्रैक्टर को सड़क पर बेहद गलत और खतरनाक तरीके से पार्क किया था। गाड़ी में न तो कोई इंडिकेटर चालू था और न ही पीछे किसी तरह का रेड रिफ्लेक्टर (चमकने वाली पट्टी) लगाया गया था। रात के अंधेरे में दूर से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली का अंदाजा लगाना मुश्किल था, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अगर ट्रैक्टर में रिफ्लेक्टर लगा होता, तो शायद इन मासूमों की जान बच सकती थी।

गांव में पसरा सन्नाटा, पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सनावल थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने चारों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है और ट्रैक्टर को जब्त कर मामले की मर्ग कायमी कर ली है। एक ही गांव के चार होनहार युवकों की एक साथ मौत की खबर जैसे ही फैली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिन्हें ढांढस बंधाने के लिए अस्पताल और घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *