अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिट्ठीकलां (जोगीबांध) के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे कार (क्रमांक CG 04 HA 4877) अंबिकापुर से बिलासपुर की ओर जा रही थी, तभी जोगीबांध के पास अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी ट्रक से जा टकराई। भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मणिपुर थाना पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे चालक और उसके साथी को बाहर निकाला। दोनों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को हाईवे के बीच से हटाकर किनारे कर दिया है, जिससे यातायात सुचारू रूप से बहाल हो गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।