भोजशाला प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। जिला प्रशासन ने शुक्रवार को मस्जिद पक्ष के लिए नमाज पढ़ने की एक नई जगह निश्चित कर दी। यह स्थान भोजशाला परिसर से करीब 2 किलोमीटर दूर मालीवाड़ा इलाके में स्थित है। अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी मिलने के बाद इस खुले मैदान को इसके लिए चुना था।
मुस्लिम पक्ष का कड़ा विरोध
प्रशासन के इस फैसले के तुरंत बाद मुस्लिम समाज ने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी है। अब्दुल समद सदर मौलाना वेलफेयर सोसाइटी ने साफ कहा है कि उन्हें यह जगह बिल्कुल मंजूर नहीं है। उनका तर्क है कि यह स्थल विवादित जगह से काफी दूर है। इस फैसले के विरोध में अब सभी याचिकाकर्ता और पक्षकार फिर से सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।

अगले शुक्रवार भी नमाज पर सस्पेंस
शुक्रवार को प्रशासन द्वारा चुनी गई जगह पर नमाज अदा नहीं की गई। मुस्लिम पक्ष ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह भविष्य में भी इस जगह पर नमाज पढ़ने को तैयार नहीं हैं। समाज के लोगों का कहना है कि वे इस फैसले को चुनौती देंगे। भोजशाला का मामला लंबे समय से सुर्खियों में है और अब नई जगह मिलने के बावजूद विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। मामले के सभी पक्षों ने अपनी स्थिति साफ कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में यह विवाद और गरमाने की उम्मीद है।