रमेश गुप्ता भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में 25 अप्रैल की रात हुई चाकूबाजी की घटना अब दो युवकों की मौत में बदल चुकी है। पहले रजत कुशवाहा की जान गई थी, वहीं अब गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार कन्हाई ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के 13वें दिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इलाके में इस घटना को लेकर फिर से तनाव और आक्रोश का माहौल है।
गांधी विद्यालय के पास हुआ था खूनी हमला
पुलिस के मुताबिक बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील कुमार कन्हाई (26 वर्ष) को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 9:30 बजे दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे, तभी उन्होंने देखा कि आरोपी गोलू सिंह एक युवक को बैट से पीट रहा था।
मानवता के नाते दोनों दोस्तों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन यही बात आरोपी को नागवार गुजर गई।

“बीच में क्यों आए…” कहकर निकाला चाकू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी गोलू सिंह अचानक भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए चाकू निकाल लिया। इसके बाद उसने दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में रजत कुशवाहा के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील कुमार कन्हाई के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में जिंदगी की जंग हार गए दोनों दोस्त
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग दोनों घायलों को सुपेला शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया।
इलाज के दौरान पहले रजत कुशवाहा ने दम तोड़ा था। वहीं 13 दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार को सुनील कुमार कन्हाई की भी मौत हो गई।
घटना के बाद तुरंत गिरफ्तार हुआ आरोपी
खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि चाकूबाजी की वारदात सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोलू सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
एक झगड़े ने उजाड़ दिए दो घर
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आरोपी को समय रहते रोका नहीं गया तो ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ती जाएंगी। मामूली विवाद में चाकू निकालने की प्रवृत्ति अब शहर में चिंता का विषय बनती जा रही है। दो दोस्तों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।