रमेश गुप्ता रायपुर…पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस परिवार की महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अमलीडीह स्थित पुलिस आवासीय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर छत्तीसगढ़ पुलिस और बालको मेडिकल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
अमलीडीह पुलिस कॉलोनी में लगभग 1080 पुलिस परिवार निवासरत हैं, जिनकी महिलाओं को इस शिविर के माध्यम से विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में करीब 200 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 16 महिलाओं को आगे की जांच एवं उपचार के लिए रेफर किया गया, जबकि 42 महिलाओं को रिसर्च प्रॉस्पेक्ट हेतु चयनित किया गया और 13 महिलाओं को कैंसर जागरूकता संबंधी परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस महानिदेशक के परिवार की ओर से समाज सेविका श्रीमती ज्योति गौतम तथा पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया।
शिविर में कैंसर जांच की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसमें पैप स्मीयर और मैमोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण जांचें की गईं। साथ ही राज्य की अत्याधुनिक कैंसर टेस्टिंग वैन भी मौके पर उपलब्ध रही, जिससे महिलाओं को स्थल पर ही उन्नत जांच सुविधा मिल सकी।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम, जिसमें वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञ सहित अन्य चिकित्सकों ने सेवाएं दीं, ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ पुलिस ऑफिसर्स वाइफ्स एसोसिएशन की सदस्यों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
यह शिविर न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण का माध्यम बना, बल्कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।