Fire- डॉ. बाजपेयी के निवास में लगी भीषण आग, बलौदाबाजार की घटना

 फ्रिज का कंप्रेसर फटने से लगी आग, किचन की दीवारें-टाइल्स, दरवाजा सब उखड़ा

 सामान जलकर राख

अरविंद मिश्रा
बलौदाबाजार। नगर में आज सुबह गौरव पथ स्थित डॉ. के एस बाजपेयी के घर में अचानक आग लग गई। जिससे घर में रखा सामान जलकर राख हो गया वहीं डॉ. बाजपेयी के तत्काल उठ जाने से जनहानि नहीं हुई और पूरा परिवार सुरक्षित रहा। डॉ. रोहित बाजपेयी ने घर में रखे आग बुझाने के यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया पर सफल नहीं हो पाये। उन्होंने अपने परिवार को सबसे पहले सुरक्षित बाहर निकाला। जिससे परिवार सुरक्षित हो गया और फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी पर जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती तब तक सब कुछ जलकर राख हो गया। इससे लगभग करोड़ों रूपये की हानि होने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक, गौरव पथ स्थित बाजपेई नर्सिंग होम के संचालक डॉक्टर रोहित बाजपेई के घर की घटना है। आग किचन से शुरू होकर पहली मंजिल तक पहुंच गई। परिवार के सदस्यों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती ही चली गई। घर में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लग गई। आग इतनी तेजी से
फैली कि किचन में रखा सारा सामान जल गया। किचन बूरी तरह से बर्बाद हो गया। किचन में रखा सामान टूट फूट गया और दीवारें, टाइल्स सब उखड़ गई। घटना के समय घर में 10 लोग मौजूद थे, जिनमें चार बच्चे भी शामिल थे। बुधवार को सभी सो रहे थे तभी सुबह साढ़े 4 बजे कुछ फटने की आवाज आई। देखा तो किचन में आग लग गई थी। तब सभी लोग घर से बाहर निकल गए।

फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई। जिसके बाद सवा 5 बजे दमकल की गाड़ी पहुंची और करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू पाया। घर वालों की सूझबूझ से किचन में रखा सिलेंडर पहले ही निकाल लिया गया था। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। बताया जा रहा है फ्रिज 1 साल पहले ही लिया था।
3 अलग-अलग इलाकों से पहुंची दमकल
बताया जा रहा है फायर स्टेशन शहर से दूर होने के कारण दमकल की गाड़ी देर से पहुंची। एक नगर सेना, एक अंबुजा और एक रिसदा से दमकल गाड़ी बुलाई गई। तब तक घर का अधिकतर सामान जल चुका था।
पाइपलाइन से होता था गैस सप्लाई
1 साल पहले ही आलीशान बंगला बना था। किचन ग्राउंड फ्लोर में था। पाइप लाइन से किचन में गैस सप्लाई होता था। आग लगते ही जिसे हटा दिया गया। वहीं, इस हादसे में करोड़ों का नुकसान हुआ है। बता दें कि डॉ रोहित बाजपेई, पूर्व विधायक गणेश शंकर बाजपेई का भतीजा है।
डॉ. के एस बाजपेयी ने बताया कि घटना सुबह लगभग 4.30 बजे की है। सुबह उन्हें तार जलने की बदबू आई कमरे से बाहर निकलकर देखा तो धुंआ भरा था तत्काल बच्चों को उठाया बड़े बेटे ने आग बुझाने का प्रयास किया सफल नहीं हो पाये। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गयी पर फायर स्टेशन दुर होने से आग बुझाने पर देरी हुई जिससे सबकुछ जलकर राख हो गया पर घर के लोग सुरक्षित है यह बडी बात है। शासन को चाहिए कि फायर ब्रिगेड की टीम को बलौदाबाजार नगर में रखे।
फायर स्टेशन दूर होने से होती है हानि
बलौदाबाजार-भाटापारा जिला मुख्यालय में फायर स्टेशन नहीं होने से अधिकांश जगहों पर समय पर टीम नहीं पहुंच पाती है जिससे जिला मुख्यालय में इस तरह आगजनी की घटनाओं में लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है। फायर ब्रिगेड को बलौदाबाजार से लगभग 12 किमी दूर ग्राम अमेरा में जगह दी गयी है जिससे लोगों को समय पर सुविधा नहीं मिल पा रही है।


लोगों में आक्रोश
शासन की फायर ब्रिगेड को लेकर इस अदूरदर्शिता से जिला प्रशासन व राज्य शासन के प्रति लोगों में आक्रोश है। स्थानीय नागरिक गंभीर सिंह ठाकुर ने कहा कि कि शासन शहर की व्यवस्था को लेकर नहीं ध्यान नही दे रही है और शासकीय जमीनों को भुमाफियायो को दे रही है वही अधिकांश जगहों में लोगों ने कब्जा कर रखा है जिस पर ध्यान देना आवश्यक है साथ ही फायर ब्रिगेड का स्थान बलौदाबाजार में रखना चाहिए।
नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि स्थिति गंभीर है जल्द ही फायर ब्रिगेड का स्थान जिला मुख्यालय में हो इसको लेकर कलेक्टर सहित मंत्री से चर्चा कर बलौदाबाजार में फायर ब्रिगेड का स्थान सुनिश्चित करने कहेंगे।