सरगुजा
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया है। मैनपाट वन परिक्षेत्र के चुरकीपानी और कडराजा कॉलोनी में हाथियों ने एक घर और स्कूल को भारी नुकसान पहुंचाया है। हाथियों के हमले में एक परिवार का घर पूरी तरह बर्बाद हो गया है, जिससे उनके सिर से छत छिन गई है। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
वर्तमान में हाथियों का यह दल कापू रेंज के जोबलपानी और धौवरघाट के बीच जंगलों में विचरण कर रहा है। शुक्रवार रात हाथियों ने रिहायशी इलाकों में घुसकर तोड़फोड़ की, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम अलर्ट पर है और प्रभावित इलाकों में लगातार मुनादी करा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और रात के समय घरों में सावधानी बरतने की सख्त हिदायत दी है। प्रभावित परिवार के नुकसान का आकलन किया जा रहा है ताकि उन्हें उचित मुआवजा दिया जा सके। ग्रामीणों ने विभाग से हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर खदेड़ने की मांग की है।