नई दिल्ली। कीमती धातुओं के बाजार में गिरावट का सिलसिला जारी है। सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को भी चांदी की कीमत में तेज कमजोरी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर बाजार खुलते ही चांदी का भाव 4600 रुपये से अधिक टूट गया, वहीं सोने की कीमत में भी गिरावट रही।
अपने उच्च स्तर से चांदी करीब 1.80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो चुकी है, जबकि सोना लगभग 38 हजार रुपये तक नीचे आ गया है। हाल के दिनों में तेजी से बढ़ी कीमतों के बाद बाजार में तेज करेक्शन देखा जा रहा है।
बीते 29 जनवरी को चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंचकर 4,20,048 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। इसके बाद से लगातार गिरावट जारी है और अब तक कीमतों में बड़ी कमी दर्ज हो चुकी है।
मंगलवार को बाजार खुलते ही गिरावट तेज रही। 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी सोमवार को 2,39,891 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी, जबकि मंगलवार को खुलते ही गिरकर 2,35,206 रुपये पर आ गई। इस तरह एक झटके में प्रति किलो करीब 4,685 रुपये की कमी दर्ज की गई।
विशेषज्ञों के अनुसार ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के कारण कीमती धातुओं में दबाव बना हुआ है। बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव बने रहने के आसार हैं।