जुआ-सट्टा और नशे पर दुर्ग एसपी की बड़ी कार्रवाई, नंदिनीनगर थाना प्रभारी सस्पेंड

दुर्ग। अवैध शराब, नशा और जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर दुर्ग एसपी ने कड़ा रुख अपनाया है। कर्तव्य निर्वहन में उदासीनता दिखाने के कारण नंदिनीनगर थाना प्रभारी (निरीक्षक) भानू प्रताप साव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्हें रक्षित केंद्र (लाइन) दुर्ग संबद्ध किया गया है। और नंदिनीनगर थाने की कमान अब डीएसपी दानेश्वर साहू के हाथ में होगी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को आबकारी, एनडीपीएस और जुआ-सट्टा एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद नंदिनीनगर थाना प्रभारी द्वारा क्षेत्र में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

मामले का खुलासा तब हुआ जब एसीसीयू (ACCU) की टीम ने नंदिनीनगर थाना क्षेत्र में दबिश दी। इस रेड में आबकारी के 4, एनडीपीएस का 1, सट्टा के 4 और जुआ एक्ट का 1 प्रकरण दर्ज किया गया। खुद थाना प्रभारी द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने और अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने को घोर लापरवाही मानते हुए निलंबन की यह कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि में निरीक्षक भानू प्रताप साव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) धमधा को इस मामले की प्राथमिक जांच कर 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *