रायगढ़। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक की जांच के दौरान पुलिस ने एक बड़े सूदखोरी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी चूड़ामणि गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज दर पर पैसे उधार देकर उन्हें प्रताड़ित करता था।
भकुर्रा निवासी आरोपी चूड़ामणि गुप्ता ग्रामीणों को तीन प्रतिशत मासिक ब्याज पर कर्ज देता था। ऋण के बदले वह ग्रामीणों की बाइक, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान गिरवी रख लेता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ बाइक और गिरवी रखे गए सामानों का हिसाब-किताब वाला एक रजिस्टर बरामद किया है। इस रजिस्टर से क्षेत्र में फैले उसके पूरे नेटवर्क की जानकारी मिली है।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम भकुर्रा निवासी 55 वर्षीय रामप्रसाद रतिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने बताया कि उसने मकान बनाने के लिए आरोपी से 12,000 रुपये उधार लिए थे और एवज में अपनी बाइक गिरवी रखी थी। पीड़ित का आरोप है कि कई महीनों तक ब्याज चुकाने के बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी गांव के कई अन्य लोगों को भी इसी तरह कर्ज के जाल में फंसाकर प्रताड़ित कर रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।