भुवनेश्वर। कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रविवार रात प्रथम वर्ष के छात्र का शव मिलने से परिसर में सनसनी फैल गई। यह इस वर्ष संस्थान में इस तरह की तीसरी घटना है। मृतक की पहचान 18 वर्षीय राहुल यादव के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ के रायगढ़ का निवासी था और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष का छात्र था।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को छात्र के निजी संबंधों में तनाव की आशंका दिखाई दे रही है। मृतक के सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल कम्युनिकेशन और परिचितों से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस को संकेत मिले हैं कि राहुल अपने गृह राज्य की एक लड़की के साथ रिश्ते में था। इसी संबंध से जुड़े विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
छात्र की मां निर्मला यादव ने आरोप लगाया कि लड़की का परिवार लगातार उत्पीड़न कर रहा था। उनके अनुसार लड़की के परिजन फोन कर धमकी देते थे, जिससे राहुल मानसिक दबाव में था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में हॉस्टल प्रबंधन को कई बार सूचित किया गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
मां की शिकायत पर पुलिस ने लड़की के पिता, मां और भाई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि राहुल का कमरा अंदर से बंद था, जिसे अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया। उसे तुरंत KIMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
KIIT प्रशासन ने अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष फरवरी और मई में दो नेपाली छात्रों की मौत के बाद UGC ने विश्वविद्यालय से जवाब मांगा था और जांच पैनल ने संस्थान की भूमिका को आपराधिक दायित्व की श्रेणी में बताया था।