पश्चिम एशिया में बढ़ा युद्ध का खतरा, भारत सरकार ने नागरिकों को दी अहम सलाह

तेहरान/नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की गई है। ईरान और इजरायल के बीच लगातार हो रहे मिसाइल हमलों के बाद भारत सरकार ने अपने नागरिकों को सतर्क रहने और फिलहाल ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है। वहीं, ईरान में मौजूद भारतीयों से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या उपलब्ध साधनों से देश छोड़ने को कहा गया है।

भारतीय दूतावास ने जारी की नई Advisory

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि क्षेत्र में तेजी से बदलते सुरक्षा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों को ईरान की यात्रा नहीं करनी चाहिए। दूतावास ने पहले जारी की गई सलाह को दोहराते हुए कहा कि जो भारतीय फिलहाल ईरान में मौजूद हैं, वे स्थानीय प्रशासन और दूतावास के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित तरीके से देश से बाहर निकलने की योजना बनाएं।

तेहरान और केरमानशाह एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान के मेहराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और पश्चिमी ईरान के केरमानशाह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अगली सूचना तक सभी उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। यह फैसला इजरायल द्वारा तेहरान, इस्फहान और तबरीज समेत कई इलाकों पर हमलों के बाद लिया गया है।

ईरान-इजरायल संघर्ष ने बढ़ाई चिंता

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की ओर से इजरायल पर दागे गए रॉकेटों ने यरुशलम, रामल्ला और डेड सी के आसपास के क्षेत्रों को निशाना बनाया। वहीं, यमन के हौती विद्रोहियों ने भी इजरायल के जाफा क्षेत्र में संवेदनशील ठिकानों पर हमले का दावा किया है।

एयर डिफेंस सिस्टम हुआ सक्रिय

ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, पश्चिमी शहर केरमानशाह के आसपास दुश्मन के संभावित हमलों को देखते हुए एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं और संवेदनशील इलाकों में अलर्ट बढ़ा दिया गया है।

भारतीयों के लिए क्या है सलाह?

भारतीय दूतावास ने कहा है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक नियमित रूप से दूतावास के अपडेट पर नजर रखें। अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करें। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *