NEET पेपर लीक में CBI का बड़ा एक्शन: महाराष्ट्र से डॉक्टर और फिजिक्स टीचर गिरफ्तार, 5 राज्यों में बिका था पर्चा

नई दिल्ली/लातूर।

मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ (NEET) पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को एक और बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने महाराष्ट्र से दो और मुख्य आरोपियों को धर दबोचा है। इसके साथ ही इस पूरे घोटाले में अब तक गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। पकड़े गए नए आरोपियों में एक लातूर का रहने वाला नेत्र चिकित्सक (आई स्पेशलिस्ट) डॉ. मनोज शिरुरे है और दूसरा तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे के एक कोचिंग सेंटर में फिजिक्स पढ़ाता है।

डॉक्टर और टीचर की जुगलबंदी से लीक हुआ पेपर

सीबीआई की तफ्तीश में सामने आया है कि लातूर के डॉक्टर मनोज शिरुरे ने इस काले धंधे के एक और मुख्य किरदार पीवी कुलकर्णी के साथ मिलकर सांठगांठ की थी। डॉक्टर शिरुरे ने तीन छात्रों को केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) का लीक हुआ क्वेश्चन पेपर दिलवाया था। वहीं, फिजिक्स टीचर तेजस शाह छात्रों को सेटल करने और उन तक पेपर पहुंचाने का काम कर रहा था। एक नामी डॉक्टर का नाम इस घोटाले में आने के बाद से पूरे मेडिकल जगत में हड़कंप मच गया है।

महाराष्ट्र और राजस्थान बने पेपर लीक के सबसे बड़े अड्डे

जांच एजेंसी के मुताबिक, नीट का यह पर्चा देश के 5 राज्यों में धड़ल्ले से बेचा गया था। इस अवैध धंधे का सबसे बड़ा केंद्र महाराष्ट्र था और दूसरे नंबर पर राजस्थान रहा। महाराष्ट्र में ही सबसे पहले पेपर के प्रिंट निकालकर बांटे गए, जिसके बाद यह दूसरे राज्यों में पहुंचा। सीबीआई अब तक देश के 49 ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है, जहां से भारी मात्रा में मोबाइल, लैपटॉप और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह घोटाला हमारी सोच से भी कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता है।

पैसे देने वाले माता-पिता की बन रही लिस्ट

सीबीआई की टीम अब उन सभी अभिभावकों (पेरेंट्स) की कुंडली खंगाल रही है, जिन्होंने अपने बच्चों को पेपर दिलाने के लिए मोटी रकम दी थी। पुलिस उन बैंक खातों की लिस्ट तैयार कर रही है, जिनसे आरोपी शिवराज मोटेगांवकर, पी.वी. कुलकर्णी और उनकी सहयोगी मनीषा वाघमारे के बैंक अकाउंट्स में पैसे ट्रांसफर किए गए थे।

NTA ने शुरू की फीस रिफंड की प्रक्रिया

इस पूरे विवाद के बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी (NEET-UG) के उम्मीदवारों को एक बड़ी राहत दी है। एनटीए ने परीक्षा फीस रिफंड (Exam Fee Refund) करने के लिए एक नया लिंक जारी किया है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर सकते हैं। बैंक डिटेल्स जमा करने की यह सुविधा 22 मई से शुरू हो चुकी है और आज 27 मई की रात 11:50 बजे तक ही खुली रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *