आमानाका में प्रॉपर्टी डीलर की पिटाई, ससुराल और परिजन पर मामला दर्ज

रायपुर। आमानाका क्षेत्र स्थित हर्षित फार्च्यूना अपार्टमेंट में मंगलवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही बेटे, ससुराल और परिवार के अन्य सदस्यों ने मिलकर पिटाई कर दी। घायल प्रॉपर्टी डीलर ईश्वर साहू ने पुलिस को बताया कि वह जमीन खरीदी-बिक्री और समाजसेवा का कार्य करता है तथा पारिवारिक विवाद के चलते कई सालों से अलग रह रहा है।

घटना 30 अक्टूबर की है, जब ईश्वर साहू अपार्टमेंट में रहने वाली एक महिला के घर भोजन करने गया था। इसी दौरान वहां उसके बेटे मनीष, ससुराल और परिवार के अन्य सदस्य पहुंच गए। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए ईश्वर साहू और महिला पर हमला कर दिया। मनीष ने पिटाई के दौरान उसके मोबाइल फोन को पटककर तोड़ दिया।

घायल ने रिपोर्ट में बताया कि परिजन पहले भी उसके साथ मारपीट कर चुके हैं। घटना के बाद कॉलोनी में हंगामा मच गया और बड़ी संख्या में लोग बाहर निकल आए। आसपास के लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई।

पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट में कुल 10 लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं, जिनमें ईश्वर साहू के पुत्र, पुत्री और ससुराल पक्ष के रिश्तेदार शामिल हैं। मारपीट में ईश्वर साहू को चेहरे पर चोटें आई हैं, जबकि महिला के नाक, मुंह, पीठ और कलाई में गंभीर चोटें लगी हैं।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *