दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार को हुई एक भीषण मुठभेड़ में भैरमगढ़ एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य और 5 लाख रुपये का इनामी नक्सली राजेश पुनेम मारा गया। जवानों ने मौके से माओवादी का शव और भारी मात्रा में अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
सटीक सूचना पर निकला था सर्चिंग दल
पुलिस को विश्वस्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि गीदम थाना क्षेत्र के गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के पहाड़ी इलाकों में नक्सलियों ने हथियारों और रसद का बड़ा ‘डंप’ (जखीरा) छिपा रखा है। सूचना मिलते ही दंतेवाड़ा एसपी के निर्देश पर डीआरजी (DRG) और बस्तर फाइटर्स के जवानों की संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
रात के अंधेरे में नक्सलियों ने किया घात लगाकर हमला
जब जवान डंप स्थल की ओर बढ़ रहे थे, तभी रात करीब 8:30 बजे पहले से घात लगाए बैठे 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों का इरादा जवानों को नुकसान पहुँचाकर उनके हथियार लूटने का था। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में सटीक जवाबी कार्रवाई की। भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए।
तलाशी में मिला शव और हथियारों का जखीरा
मुठभेड़ थमने के बाद जब इलाके की सर्चिंग की गई, तो एक वर्दीधारी नक्सली का शव मिला। मौके पर मौजूद आत्मसमर्पित कैडरों ने उसकी पहचान बीजापुर निवासी राजेश पुनेम (ACM, भैरमगढ़ एरिया कमेटी) के रूप में की। घटनास्थल से पुलिस ने निम्नलिखित सामग्री बरामद की है:
एक SLR राइफल और एक इंसास (INSAS) राइफल
एक पिस्टल (मैगजीन सहित) और वॉकी-टॉकी सेट
भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, खाली खोखे और नक्सली सामग्री
पुलिस के अनुसार, इस पूरे ऑपरेशन में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं पहुँचा है और सभी जवान सुरक्षित मुख्यालय लौट आए हैं। इलाके में अब भी सर्चिंग अभियान जारी है।