यूपी के किसानों के लिए आई बड़ी खबर, खाद खरीदने से पहले जरूर जान लें यह बात

लखनऊ. खरीफ की फसलों का सीजन चल रहा है और इस दौरान किसानों को खाद की सबसे ज्यादा जरूरत होती है. खाद की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया और डीएपी की कोई कमी नहीं है. किसानों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खाद जमा करने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. सरकार हर किसान को सही समय पर खाद देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त आदेश दिए हैं कि खाद बांटने के काम पर नजर रखें. अगर कहीं किसी वजह से लाइन लग रही है या कोई दिक्कत आ रही है तो उसे तुरंत ठीक किया जाए. इसके साथ ही खाद की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त एक्शन लेने की बात कही गई है. गड़बड़ी करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा.

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि राज्य में 28 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा खाद बांटी जा चुकी है. इसके बाद भी लगभग 29 लाख मीट्रिक टन खाद गोदामों में रखी है. इसमें यूरिया, डीएपी और एनपीके जैसी सभी जरूरी खाद शामिल हैं. पिछले साल के मुकाबले इस बार सरकार ने ज्यादा खाद का इंतजाम किया है.

प्रदेश के सभी 18 मंडलों में भरपूर खाद मौजूद है. कानपुर, लखनऊ, बरेली और प्रयागराज जैसे इलाकों में सबसे ज्यादा यूरिया का स्टॉक है. कृषि विभाग का कहना है कि अगर किसी किसान को खाद मिलने में दिक्कत आए तो वह अपने जिले के कृषि दफ्तर में तुरंत शिकायत कर सकता है. अधिकारी किसानों की समस्या को तुरंत हल करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *