रमेश गुप्ता, दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की पदमनाभपुर थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर अंतर्राज्यीय तस्कर को भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा (Poppy Straw) के साथ दबोचा है। आरोपी के पास से करीब 12 किलो 330 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 लाख 84 हजार 959 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी की नगद रकम भी बरामद की है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर शीतला मंदिर के पास घेराबंदी
पदमनाभपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोरसी चौक स्थित शीतला मंदिर के पास एक संदिग्ध युवक बैग में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। मुखबिर ने बताया था कि युवक ने लाल रंग की शर्ट पहनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम तैयार की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के नियमों का पालन करते हुए चारों तरफ से घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
बैग खोला तो उड़ गए होश, राजस्थान का निकला तस्कर
जब पुलिस टीम ने युवक की तलाशी ली, तो उसके बैग से 12 किलो 330 ग्राम अवैध डोडा चूरा और 1500 रुपये नगद मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम महेंद्र बिश्नोई (24 वर्ष) निवासी नोकड़ा (गोदारा थाना भोजासार, जिला फलोदी, राजस्थान) बताया। आरोपी वर्तमान में दुर्ग के बोरसी स्थित स्कूल चौक के पास किराए का मकान लेकर रह रहा था और यहीं से नशे का काला कारोबार (Drug Smuggling Network) ऑपरेट कर रहा था।
एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पदमनाभपुर थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी महेंद्र बिश्नोई दूसरे राज्य से अवैध नशीला पदार्थ लाकर यहां खपाने की फिराक में था, ताकि मोटा आर्थिक मुनाफा कमा सके। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पदमनाभपुर थाने में अपराध क्रमांक 299/2026 दर्ज किया है। उस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ग), 15(बी) और 27(क) के तहत केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।”