दुर्ग पुलिस की बड़ी करवाई : हैदराबाद में IPL सट्टा सिंडिकेट ध्वस्त, 5 करोड़ के ट्रांजेक्शन के साथ मास्टरमाइंड सहित 13 गिरफ्तार

हैदराबाद में IPL सट्टा सिंडिकेट पर दुर्ग पुलिस का बड़ा प्रहार
मास्टरमाइंड समेत 13 सटोरिये गिरफ्तार, 5 करोड़ से ज्यादा के ट्रांजेक्शन की जांच जारी

रमेश गुप्ता भिलाई…..
आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हैदराबाद में संचालित हाईटेक ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है, जबकि म्यूल अकाउंट के जरिए पूरे सिंडिकेट के संचालन की पुष्टि हुई है।


पुलिस अधीक्षक ने किया बड़ा खुलासा
पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि 16 मई को थाना छावनी और ACCU टीम ने जावेद अख्तर एवं आभास जायसवाल को बैंक खातों और दस्तावेजों सहित पकड़ा था। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्लम एरिया और जरूरतमंद लोगों को लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे।
इसके बाद पासबुक, एटीएम, सिम कार्ड और चेकबुक को 25 हजार रुपये प्रति खाते के हिसाब से कुरूद निवासी कुणाल वर्मा को बेच दिया जाता था। इन खातों का उपयोग ऑनलाइन IPL सट्टे में करोड़ों रुपये के डिपॉजिट और विड्रॉल के लिए किया जाता था।
,हैदराबाद के फ्लैटों से चल रहा था सट्टे का नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमसाबाद की नक्षत्र सोसायटी से “Sat Sport Book” और “Crick Plus Book” नामक ऑनलाइन पैनल संचालित कर रहे थे।
स्थानीय युवकों को वहां ले जाकर सट्टा ऑपरेट कराया जाता था। सिंडिकेट के पास बड़ी संख्या में बैंक खाते, एटीएम कार्ड, मोबाइल नंबर और फर्जी दस्तावेजों का जाल मिला है।
कुणाल वर्मा निकला पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड
पुलिस के मुताबिक कुरूद जामुल निवासी कुणाल वर्मा पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड है। वही ऑनलाइन पैनल खरीदकर म्यूल अकाउंट की व्यवस्था करता था। पुलिस अब उसके ऊपर के नेटवर्क और फाइनेंशियल चैनल की जांच कर रही है।
मामले में संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गई हैं और सभी आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा भी खंगाला जा रहा है।
5 करोड़ के ट्रांजेक्शन और 63 साइबर शिकायतें
पुलिस जांच में अब तक विभिन्न बैंक खातों में लगभग 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। यही नहीं, इन खातों से जुड़े करीब 63 साइबर शिकायतों की भी जानकारी मिली है।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
09 लैपटॉप, 46 मोबाइल और लाखों की नगदी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी बरामद की है। पुलिस ने इनके पास से 09 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन
23 पासबुक, 107 एटीएम कार्ड
लगभग 20 सिम कार्ड,2 लाख 57 हजार रुपये नगद बरामद किया गया है l
IPL सीजन में दुर्ग पुलिस की 14वीं बड़ी कार्रवाई
दुर्ग पुलिस ने बताया कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टे और साइबर अपराध पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह इस सीजन की 14वीं बड़ी कार्रवाई है।
फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस टीम को अन्य राज्यों के लिए रवाना किया गया है।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
विक्की कुमार साहू,अभिषेक भारती
गुफरान खान,राजकुमार पासवान
तुकेश्वर साहू,जेदखान,के श्रीनु
शेख सद्दाम,विकास राय,विकास निषाद,रोहित चौहान,कुणाल वर्मा
प्रतीक पटेल शामिल है l
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना छावनी में अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सुखनंदन राठौर मौजूद थे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *