बलौदा बाजार : बिलासपुर के सरकंडा मैदान में छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी कर्मचारी संघ के तत्वाधान में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय रात्रिकालीन क्रिकेट टूर्नामेंट “दक्षिण कोशल कप 2026” का खिताब बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने अपने नाम कर लिया है।
रात्रि में खेले गए बेहद रोमांचक फाइनल मैच में बलौदाबाजार-भाटापारा की पुलिस टीम ने बिलासपुर पुलिस टीम को 05 रन से पराजित करते हुए विजेता का खिताब जीता। यह टूर्नामेंट बिलासपुर के सरकंडा मैदान में दिनांक 27 अप्रैल 2026 से आयोजित किया गया था। इस भव्य प्रतियोगिता में 20 जिलों के विभिन्न शासकीय विभागों, प्राइवेट एवं संविदा अधिकारियों/कर्मचारियों की कुल 48 टीमों ने भाग लिया था।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने लीग मैचों में बिलासपुर पुलिस टीम बी, सी, शिक्षा विभाग मस्तूरी और बलरामपुर की टीम को हराया। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में जल संसाधन विभाग बिलासपुर की टीम को शिकस्त देते हुए शानदार तरीके से फाइनल में प्रवेश किया।
मैच का रोमांचक सफर
फाइनल मैच में टॉस जीतकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 10 ओवर में 80 रन का चैलेंजिंग स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कमलेश मरावी, भूपेंद्र वर्मा और त्रिलोक चंद्र साहू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसके बाद रनों का पीछा करने बिलासपुर की टीम मैदान में उतरी। बलौदाबाजार-भाटापारा की ओर से द्वारिका साहू, प्रीतम पाटले एवं नंद किशोर वर्मा ने बेहद कसी हुई और शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। गेंदबाजों ने बिलासपुर पुलिस टीम को मैच की अंतिम गेंद तक बांधे रखा। आखिरी गेंद पर जीत के लिए जरूरी 05 रन बिलासपुर की टीम नहीं बना सकी और बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने फाइनल मैच जीतकर इतिहास रच दिया।

नकद पुरस्कार और सम्मान
विजेता टीम के रूप में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम को ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) नकद एवं चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। संपूर्ण प्रतियोगिता में घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन करने वाले आरक्षक त्रिलोकचंद साहू को ‘बेस्ट बॉलर’ के रूप में रेंजर साइकिल और कप दिया गया। वहीं फाइनल मैच में शानदार खेल दिखाने वाले आरक्षक द्वारिका साहू को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुनकर एलसीडी टीवी (LCD TV) प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दी बधाई
इस ऐतिहासिक जीत के बाद पुलिस कार्यालय सभा कक्ष बलौदाबाजार में टीम के सभी खिलाड़ियों ने पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा से भेंट की। इस दौरान एसपी ओ.पी. शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरे राज्य से आई विभिन्न विभागों की सशक्त टीमों को हराकर खिताब अपने नाम करना बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पुलिस टीम के सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की जमकर सराहना की और पूरी टीम को उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।