रमेश गुप्ता भिलाई। नंदिनी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित गुटखा निर्माण फैक्ट्री पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस को भारी सफलता हाथ लगी है। फैक्ट्री में प्रतिबंधित जर्दा युक्त “मुसाफिर” ब्रांड गुटखा और “M4” ब्रांड का सुगंधित जर्दा बड़े पैमाने पर तैयार कर पैक किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे 13 मजदूर भी पाए गए, जो मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह फैक्ट्री अप्रैल माह की शुरुआत से ही सक्रिय थी और गुप्त रूप से उत्पादन कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, पैकिंग सामग्री और उत्पादन में उपयोग की जा रही मशीनरी जब्त की है। पूरे मामले में दुर्ग पुलिस ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (फूड एंड सेफ्टी विभाग) के अधिकारियों को भी साथ लेकर संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और सप्लाई नेटवर्क कितना बड़ा है।
