बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और नवाब सैफ अली खान की मच-अवेटेड फिल्म हैवान की रिलीज डेट का एलान हो गया है। मेकर्स ने इस फिल्म की रिलीज को लेकर सारी उलझनें खत्म कर दी हैं। अक्षय कुमार ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक दमदार पोस्ट साझा कर फैंस का उत्साह दोगुना कर दिया है।
यह फिल्म इसी साल 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अक्षय की ओर से दी गई इस जानकारी के बाद से ही फैंस के बीच फिल्म को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई है।
अक्षय कुमार ने फिल्म की रिलीज डेट के साथ कुछ ऐसी बातें लिखी हैं, जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, एक सब कुछ देखता है, एक से कुछ नहीं छूटता, हैवानियत अब नहीं रुकेगी। इन पंक्तियों ने फिल्म की कहानी को लेकर सस्पेंस और ज्यादा बढ़ा दिया है। फैंस का मानना है कि फिल्म में कुछ बहुत ही अलग और गंभीर होने वाला है।
फिल्म के पोस्टर्स भी सामने आए हैं, जो बहुत डरावने और दमदार लग रहे हैं। एक पोस्टर में सैफ अली खान का चेहरा काफी गंभीर और खतरनाक दिखाई दे रहा है। पोस्टर पर एक लाइन लिखी है, एवरी सेंस इज अ वेपन, जिसका मतलब है कि हमारी हर इंद्रिय (देखने, सुनने या महसूस करने की शक्ति) एक हथियार की तरह काम कर सकती है।
इस फिल्म में अक्षय और सैफ की जोड़ी को एक साथ देखना दर्शकों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा। अक्षय के धांसू अंदाज और सैफ के इंटेंस लुक को देखने के बाद अब हर कोई 11 सितंबर का इंतजार कर रहा है।
