:राजकुमार मल:
भाटापारा- पहले था 1500 रुपए क्विंटल।अब है 1700 रुपए क्विंटल। दक्षिण भारत की खरीदी नीम फल में जिस तरह निकली हुई है, उसे देखते हुए प्रदेश के वनोपज बाजार ने पड़ोसी राज्य झारखंड से खरीदी चालू कर दी है।
दक्षिण भारत की खरीदी ने जिस तरह गति बढ़ाई हुई है, उसके बाद छत्तीसगढ़ का नीम फल अब समाप्त होने की स्थिति में पहुंच चुका है। इसलिए झारखंड से नई फसल में सौदे किए जा रहे हैं। इसके अलावा उड़ीसा और उत्तर प्रदेश से भी संपर्क बढ़ाया जा रहा है।
डिमांड ने बढ़ाई कीमत
बीते बरस 1500 रुपए क्विंटल पर अंतिम सौदा हुआ था नीम फल में लेकिन इस बार 200 रुपए की तेजी के बाद सीजन की शुरुआत में 1700 रुपए क्विंटल पर सौदे हो रहे हैं। वृद्धि की धारणा को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि मांग के अनुरूप उपलब्धता नहीं है। इसलिए दीगर राज्यों से वनोपज बाजार संपर्क साध रहा है।
खरीदी इनकी भी
उर्वरक बनाने वाली ईकाइयां नीम फल की पहली मांग क्षेत्र रहीं हैं। अब इसमें कीटनाशक दवाई बनाने वाली ईकाइयां भी खरीदी को लेकर रुझान दिखा रहीं हैं। इसलिए नीम फल में पहली बार प्रतिस्पर्धी खरीदी का दौर देखा जा रहा है। ऐसे में प्रति क्विटल भाव और बढ़ने की धारणा बनती नजर आ रही है।
इसलिए पड़ोसी राज्यों से संपर्क
छत्तीसगढ़ में नीम के वृक्ष साल-दर-साल कम हो रहे हैं जबकि नीम फल का बाजार बढ़ रहा है। इसलिए वनोपज बाजार झारखंड जैसे नीम वृक्ष बाहुल्य प्रांत से संपर्क बढ़ा रहा है ताकि मांग के अनुरूप नीम फल की उपलब्धता तय की जा सके। इसके अलावा उड़ीसा और गुजरात में भी नीम फल की उपलब्धता वाले क्षेत्र की खोज की जा रही है।