नई दिल्ली। देश में स्टैंड-अप कॉमेडी और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर चल रही बहस के बीच एक और नया विवाद खड़ा हो गया है। कॉमेडियन प्रणित मोरे की ‘बिरयानी शो’ वाली विवादित टिप्पणी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब एक और कॉमेडियन मधुर विरली अपने एक पुराने वीडियो के कारण ऑनलाइन आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं। मधुर विरली के साल 2024 के कॉमेडी स्पेशल ‘लव एंड लेटेक्स’ का एक पुराना क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग इस वीडियो में की गई टिप्पणियों को बेहद असंवेदनशील और आपत्तिजनक बता रहे हैं।

कॉमेडी के नाम पर गंभीर अपराध का मजाक उड़ाने का आरोप
दरअसल, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहे इस क्लिप को शेयर करते हुए यूजर्स लिख रहे हैं कि कृपया कॉमेडी के नाम पर इस तरह की बकवास और घिनौनी चीजें परोसना बंद करें। वीडियो में मधुर विरली रेप केस जैसे संवेदनशील विषय पर बात करते नजर आ रहे हैं। वे रेप और मर्डर से जुड़ी एक काल्पनिक स्थिति पर टिप्पणी कर रहे हैं, जिसे देखकर लोगों का कहना है कि एक गंभीर अपराध को इस तरह हल्के में लेना और उस पर हंसना कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
उर्फी जावेद ने पुरुषों को दी टीम में महिलाएं शामिल करने की सलाह
इस विवादित वीडियो के सामने आने के बाद मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस उर्फी जावेद ने कॉमेडियन पर अपना कड़ा गुस्सा जाहिर किया है। उर्फी ने ऐसी असंवेदनशील बातों को मजाक के तौर पर पेश करने की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इस तरह के कंटेंट को नॉर्मल बनाने पर नाराजगी जताते हुए लिखा कि क्या अब हम रेप जैसी घटनाओं पर भी मजाक करने लगे हैं? उर्फी ने आगे लिखा कि पुरुष कॉमेडियन्स को प्लीज अपनी टीम में कुछ महिलाओं को शामिल करना चाहिए ताकि उनके भीतर थोड़ी समझदारी और संवेदनशीलता आ सके।
प्रणित मोरे के ‘बिरयानी विवाद’ के तुरंत बाद बढ़ा हंगामा
यह नया विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब कुछ दिनों पहले ही कॉमेडियन प्रणित मोरे को उनके एक शो के दौरान हुई बातचीत के लिए भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। प्रणित के शो में एक दर्शक ने दावा किया था कि चूंकि उसने डेट के दौरान चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च किए थे, इसलिए वह लड़की से उस निवेश का ‘रिटर्न’ पाने का हकदार था। इस पर शो में खूब ठहाके लगे थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर ‘370 रुपये की बिरयानी’ का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर गर्मा गया था।
गलती का अहसास होने पर प्रणित ने मांगी दूसरी बार माफी
इस पूरे हंगामे और चौतरफा घिरने के बाद कॉमेडियन प्रणित मोरे ने सोशल मीडिया पर दूसरी बार सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि मैं इस नफरत का हकदार हूं। शो के दौरान उस आदमी ने कई अपमानजनक बातें कहीं थीं, लेकिन वहां मौजूद सब लोग हंस रहे थे, इसलिए मैं भी बहक गया। यह मेरी एक बड़ी गलती थी। मुझे उसे वहीं रोक देना चाहिए था और स्टैंड लेना चाहिए था, लेकिन मैंने उसे एक प्लेटफॉर्म दे दिया। मैं उन सभी लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगना चाहता हूं जिन्हें मेरी इस लापरवाही से दुख पहुंचा है।