इंदौर में गर्मी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने आइसक्रीम निर्माण इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने राजाराम नगर और छोटा बांगड़दा स्थित फैक्ट्रियों की जांच की, जहां भारी अनियमितताएं पाई गईं।

राजाराम नगर की चैंपियंस आइसक्रीम फैक्ट्री बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही थी। यहां जंग लगे सांचों का उपयोग और गंदगी के बीच कच्चा माल रखा मिला। पैकेजिंग पर जानकारी अधूरी थी और पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट भी गायब थी। प्रशासन ने इस यूनिट का उत्पादन तुरंत बंद करवा दिया है।
वहीं छोटा बांगड़दा की रुद्राक्ष आइसक्रीम यूनिट में बिना लेबल वाले फ्लेवर का उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके से आइसक्रीम और टूटी-फ्रूटी के कुल 10 सैंपल लिए हैं। बिना लेबल वाले फ्लेवर को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। दोनों फैक्ट्रियों को नोटिस जारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।