रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी की ब्लॉक स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ की आज से शुरुआत हो रही है। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की 11,664 ग्राम पंचायतों और 20 हजार से अधिक गांवों तक पहुंच बनाना है। इसके लिए संगठन को मजबूत करते हुए ब्लॉक स्तर पर 400 से अधिक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने बताया कि पिछले दो महीनों में पार्टी की लगातार मैराथन बैठकें आयोजित की गईं। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक और सहप्रभारी मुकेश अहलावत के मार्गदर्शन में संगठनात्मक संरचना के अनुरूप पूरे प्रदेश में 450 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है।
उत्तम जायसवाल ने कहा कि संसाधन सीमित होने के बावजूद पार्टी के पदाधिकारी इस लक्ष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। ‘छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा’ के बाद आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता के सामने एक नए रूप में नजर आएगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा की तैयारी को लेकर लोकसभा और जिला स्तर पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठकें की गई हैं। साथ ही विधानसभा और बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक योजना पर विस्तार से चर्चा की गई है।