अवैध अफीम खेती पर प्रशासन का प्रहार: मुख्य आरोपी के भाई की दुकान पर चला बुलडोजर

दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा में अवैध अफीम की खेती के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने अफीम खेती के मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान को बुलडोजर से ढहा दिया है। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर यह कार्रवाई सुनिश्चित की।

इस मामले में पुलिस पूर्व में ही भाजपा नेता विनायक ताम्रकार समेत दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकार की सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि पुलिस ने समोदा और झेनझरी गांव में विनायक ताम्रकार के खेत पर दबिश देकर अफीम की फसल को नष्ट किया था। पुलिस के अनुसार, करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल जमीन पर अफीम की खेती की गई थी।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 62 हजार किलो अफीम की फसल जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त फसल को चार ट्रैक्टरों में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि फसल को पूरी तरह नष्ट करने के लिए पर्यावरण विभाग से अनुमति मांगी गई है और अनुमति मिलते ही उसे नियमानुसार समाप्त कर दिया जाएगा। मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *