गुना में बड़ा हादसा टला: गैस टैंकर और कंटेनर की टक्कर के बाद शुरू हुआ रिसाव, पुलिस और फायर फाइटर्स ने पाया काबू

गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले की गादेर घाटी में एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया। एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर और कंटेनर की टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया था, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, एलपीजी गैस से भरा टैंकर गुना के विजयपुर की ओर से बनारस जा रहा था। इसी दौरान गादेर घाटी क्षेत्र में टैंकर एक अन्य कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात को नियंत्रित किया।

प्रशासन ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर फाइटर्स की सूझबूझ से गैस रिसाव को समय रहते रोक लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के सभी आवश्यक कदम उठाए गए थे और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई। समय पर की गई कार्रवाई के कारण एक बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *