बिलासपुर: शादी का झांसा देकर एक महिला की जिंदगी और जमापूंजी से खिलवाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ निवासी पवन यादव पर आरोप है कि उसने कोरबा की एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 8 लाख रुपये भी ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर बिलासपुर के तोरवा थाने में मामला दर्ज किया गया है।
शादी के वादे से शुरू हुई कहानी
पीड़िता और आरोपी पवन यादव की पहचान साल 2023 में एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और वे शादी के लिए राजी हो गए। साल 2024 में उनकी पहली मुलाकात बिलासपुर में हुई। इसके बाद आरोपी लगातार महिला को मिलने के लिए बिलासपुर बुलाता रहा, जहां तोरवा स्थित एक होटल में उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
नौकरी के नाम पर नकदी और जेवर की ठगी
आरोपी ने महिला का भरोसा जीतकर उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके बदले 3.5 लाख रुपये नकद ले लिए। ठगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका; पवन ने अलग-अलग बहाने बनाकर महिला से लगभग 5 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर (हार, चूड़ी और चेन) भी हड़प लिए। चूंकि महिला उसे अपना होने वाला पति मान रही थी, इसलिए उसने बिना किसी शक के उसे सब कुछ सौंप दिया।
शादी से किया इनकार, बंद किया फोन
जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो आरोपी टाल-मटोल करने लगा। हद तो तब हो गई जब उसने महिला का फोन उठाना ही बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। खुद को ठगा महसूस कर महिला सोमवार को तोरवा थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
पुलिस की कार्रवाई
तोरवा पुलिस ने आरोपी पवन यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है और होटल के रिकॉर्ड्स की भी जांच की जा रही है।