भोपाल: ग्लोबल मार्केट में मची हलचल के बीच आज भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने लंबी छलांग लगाई है। MCX (मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज) पर 24 कैरेट सोने की कीमत 1,500 रुपये की बढ़त के साथ 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, औद्योगिक मांग और अंतरराष्ट्रीय संकेतों के चलते चांदी की चमक और भी तेज हुई है। चांदी 8,000 रुपये महंगी होकर 2.75 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
कमोडिटी बाजार के जानकारों के मुताबिक, इस तेजी के पीछे दो बड़े कारण हैं:
डॉलर में कमजोरी: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ है, जिससे निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश यानी सोने की तरफ बढ़ा है।
कच्चे तेल में गिरावट: क्रूड ऑयल की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई है। कच्चा तेल अपने 52 हफ्तों के उच्च स्तर $119.43 से गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है, जिससे बाजार का सेंटिमेंट बदला है।
बाजार का मौजूदा हाल
COMEX (इंटरनेशनल मार्केट): अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना करीब 1.34% बढ़कर 5,172 डॉलर प्रति औंस के करीब है।
अन्य कमोडिटीज: कॉपर के दाम में हल्की तेजी है, जबकि नेचुरल गैस और कच्चे तेल के वायदा बाजार में गिरावट का रुख बना हुआ है।
कमाई के लिए क्या करें? (एक्सपर्ट टिप)
पृथ्वी फिनमार्ट के एक्सपर्ट मनोज कुमार जैन ने निवेशकों के लिए खास टिप्स साझा किए हैं:
गोल्ड मिनी (अप्रैल कॉन्ट्रैक्ट): इसे 1,60,000 के आसपास खरीदें। इसके लिए 1,62,200 का टारगेट रखें और 1,58,800 का स्टॉप-लॉस जरूर लगाएं।
नेचुरल गैस (मार्च फ्यूचर्स): इसे 288 के भाव पर खरीदा जा सकता है। 300 का टारगेट और 281 का स्टॉप-लॉस फायदेमंद साबित हो सकता है।