अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को थाना कोतवाली बीजापुर में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और थाने आने की झिझक को दूर करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष सोम पुजारी, जनप्रतिनिधि सुश्री नीना रावतिया, उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू, कोतवाली प्रभारी दुर्गेश शर्मा, पार्षद यशोदा पैकरा, सेवानिवृत्त शिक्षिका ए. खान, श्रीमती रेखा दास, पत्रकार श्रीमती पुष्पा रोकडे, एएसआई पूनम शर्मा, व्याख्याता जुलेखा खातून, पत्रकार साथीगण, पुनर्वास केंद्र से आत्मसमर्पित महिलाएँ, स्वास्थ्य विभाग की महिलाएँ, डीआरजी की महिला जवान, यातायात स्टाफ तथा कोतवाली थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं की बाइक रैली को झंडा दिखाकर रवाना करने से हुई। इसके बाद अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया तथा छत्तीसगढ़ महतारी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की नारी कमजोर नहीं बल्कि समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास और निर्भीकता के साथ आगे बढ़ने तथा किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस सदैव उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने सभी अतिथियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त किया।