कोच्चि। फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म द केरल स्टोरी 2 की रिलीज कानूनी विवादों के चलते फिलहाल टल गई है। केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर अस्थायी रोक लगाते हुए निर्देश दिया है कि जब तक अदालत इस मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं ले लेती, तब तक फिल्म के राइट्स जारी न किए जाएं। यह फिल्म पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होनी थी।
सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता की दलीलों पर गौर करते हुए कहा कि राज्य की छवि को नुकसान पहुंचाने संबंधी आशंकाएं पूरी तरह निराधार नहीं हो सकतीं। सुरक्षा और एहतियात को ध्यान में रखते हुए कोर्ट ने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाना जरूरी समझा। इससे पहले बुधवार को हुई सुनवाई में अदालत ने मामले को गुरुवार तक के लिए सुरक्षित रख लिया था।
दूसरी ओर, इस पूरे विवाद में केंद्र सरकार ने फिल्म का पक्ष लिया है। केंद्र की ओर से पेश वकील ने सेंसर बोर्ड के निर्णय का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि फिल्म से सार्वजनिक व्यवस्था को कोई खतरा नहीं है और न ही यह राज्य को नकारात्मक रूप में प्रस्तुत करती है। केंद्र ने रचनात्मक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का तर्क देते हुए कहा कि फिल्म निर्माताओं को अपनी बात रखने का पूरा संवैधानिक अधिकार है। कोर्ट अब इस मामले में अंतिम सुनवाई के बाद अपना निर्णय सुनाएगा।