बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जांगला क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के किनारे स्थित जंगलों में हुई मुठभेड़ में जवानों ने दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है। घटनास्थल से मारे गए नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम क्षेत्र में तलाशी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान इंद्रावती नदी के पास जंगलों में छिपे नक्सलियों ने जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में दो नक्सलियों को ढेर कर दिया। मौके से एसएलआर और इंसास जैसे अत्याधुनिक हथियार भी जब्त किए गए हैं।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों की ओर से तलाशी अभियान अब भी जारी है। इलाके में अन्य नक्सलियों की मौजूदगी की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त बल भेजा गया है। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त की कार्रवाई की जा रही है।