सारंगढ़-बिलाईगढ़ में खूनी संघर्ष: आपसी रंजिश में पड़ोसी ने एक ही परिवार के तीन लोगों को उतारा मौत के घाट

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के डोंगरीपाली थाना अंतर्गत ग्राम झाल में आपसी रंजिश के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पड़ोसी ने पुरानी दुश्मनी के कारण एक ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में एक महिला, उसके बेटे और नाती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हमले में घायल महिला के पति और बहू की हालत नाजुक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पीड़ित परिवार का रिश्तेदार और पड़ोसी बताया जा रहा है। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसने मंगलवार को उग्र रूप ले लिया। हमले के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों सदस्यों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस सामूहिक हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल व्याप्त है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *