रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी घोषणाओं का पिटारा खोल दिया है। राज्य सरकार ने महिला सशक्तिकरण और उनकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रानी दुर्गावती योजना और मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना जैसी नई पहलों की शुरुआत की है।
रानी दुर्गावती योजना के तहत राज्य की बेटियों को उनके 18 वर्ष पूरे होने पर 1.5 लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, महिलाओं को विभिन्न धार्मिक केंद्रों का भ्रमण कराने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है। सरकार का लक्ष्य इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को समाज की मुख्यधारा में मजबूती से खड़ा करना है।
महतारी वंदन योजना को लेकर भी बजट में बड़ा प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना हेतु 8200 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 70 लाख से अधिक महिलाओं को 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में महिलाओं की सुविधा के लिए 250 नए महतारी सदनों का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राज्य के आंगनबाड़ी केंद्रों के सुदृढ़ीकरण के लिए भी 800 करोड़ रुपये का बजट सुरक्षित रखा गया है।