नई दिल्ली। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। मायाबंदर के पास पवन हंस कंपनी का एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के कारण समुद्र में क्रैश हो गया। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 8 बजकर 45 मिनट पर श्री विजयपुरम (पोर्ट ब्लेयर) से दो क्रू मेंबर और पांच यात्रियों के साथ उड़ान भरी थी। सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर अचानक आई तकनीकी खराबी के बाद पायलट ने समुद्र में क्रैश लैंडिंग का फैसला लिया। पवन हंस के प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। एहतियात के तौर पर सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य है। नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झारखंड में मेडिकल एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
इससे पहले सोमवार शाम को झारखंड के चतरा जिले में एक बड़ा विमान हादसा हुआ। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली एक मेडिकल एयर एम्बुलेंस सिमरिया के पास घने जंगलों में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद ही विमान का संपर्क एयर ट्रैफिक कंट्रोल से टूट गया था, जिसके बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ।