रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। पिछले बजटों की ज्ञान और गति थीम के बाद इस वर्ष का बजट संकल्प थीम पर आधारित है। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने अपने निवास स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उनकी पत्नी डॉ. अदिति पटेल भी उपस्थित रहीं। विशेष बात यह रही कि वित्त मंत्री अपनी पत्नी की पसंदीदा जैकेट पहनकर सदन पहुंचे।
बजट की संकल्प थीम के तहत सात मुख्य स्तंभों पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम तक का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री बस सेवा हेतु 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। साथ ही अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो नई एजुकेशन सिटी स्थापित करने की घोषणा की गई है।
बस्तर और सरगुजा संभाग में आजीविका और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कृषि, एग्रो फॉरेस्ट प्रोसेसिंग, राइस मिल और पोल्ट्री फॉर्म जैसे उद्योगों के लिए 100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव रखा गया है। जल प्रबंधन की दिशा में इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव में बैराज निर्माण हेतु 24 करोड़ रुपये की प्रारंभिक लागत के साथ कुल 68 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए इन क्षेत्रों में डॉक्टरों की विशेष भर्ती और सड़क नेटवर्क के विस्तार के लिए भी बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं।