रायपुर। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी जॉइन इंडियन आर्मी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 1 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम जुलाई-अगस्त 2026 में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती कार्यालय के अनुसार छत्तीसगढ़ राज्य को मिलने वाले अग्निवीर पदों की संख्या पंजीयन की संख्या के अनुपात में तय की जाती है। पिछले तीन वर्षों के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 14,153 पंजीयन हुए थे, जिनमें 895 पद आवंटित किए गए। वर्ष 2024-25 में 19,355 पंजीयन के मुकाबले 731 पद मिले। वहीं वर्ष 2025-26 में 28,547 युवाओं ने पंजीयन किया है।
इन आंकड़ों के आधार पर वर्ष 2027 के लिए छत्तीसगढ़ को लगभग 1100 से 1300 पद मिलने की संभावना जताई जा रही है। अभ्यर्थियों को समय सीमा के भीतर पंजीयन करने की सलाह दी गई है।