होलिका दहन पर ग्रहों का विशेष संयोग, सिंह, धनु और कुंभ राशि के जातकों को मिलेगा भाग्य का साथ

नई दिल्ली। सनातन धर्म में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होलिका दहन का पर्व इस वर्ष ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद खास माना जा रहा है। द्रिक पंचांग के अनुसार इस साल 2 मार्च को होलिका दहन किया जाएगा, जबकि 4 मार्च को रंगों वाली होली खेली जाएगी। ज्योतिष गणना के मुताबिक होलिका दहन से ठीक पहले चंद्रमा और मंगल ग्रह की चाल में होने वाला बदलाव कई राशियों के लिए शुभ संकेत लेकर आ रहा है।

पंचांग के अनुसार 3 मार्च की सुबह चंद्रमा सिंह राशि के पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। वहीं इसी दिन रात में मंगल ग्रह कुंभ राशि के शतभिषा नक्षत्र में गोचर करेंगे। ग्रहों की इस बदलती चाल का सकारात्मक असर मुख्य रूप से तीन राशियों पर देखने को मिलेगा।

सिंह राशि के जातकों के लिए यह समय करियर और व्यक्तिगत जीवन में नई ऊर्जा भरने वाला साबित होगा। कार्यक्षेत्र में पिछले समय से चली आ रही परेशानियां दूर होंगी और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार में नए समझौतों से आर्थिक स्थिति मजबूत होने के योग बन रहे हैं।

धनु राशि के लोगों के लिए रुके हुए कार्यों में गति आएगी। सुख-सुविधाओं में वृद्धि के साथ मानसिक शांति मिलेगी। पारिवारिक रिश्तों में मधुरता आएगी और लंबे समय से की जा रही मेहनत का अनुकूल परिणाम मिलने की संभावना है। करियर में स्थिरता के साथ ही लाभकारी यात्राओं के योग भी बन रहे हैं।

कुंभ राशि वालों के लिए यह गोचर आर्थिक मजबूती का संकेत दे रहा है। कारोबार में बड़े लाभ के साथ पुराने निवेश से भी अच्छा रिटर्न मिलने की उम्मीद है। नौकरीपेशा लोगों को पदोन्नति या रुका हुआ धन मिल सकता है। मानसिक तनाव कम होगा और पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *