झुमका पर्यटन स्थल में ओपन थिएटर का लोकार्पण, मुख्यमंत्री ने किया नौका विहार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कोरिया प्रवास के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध झुमका पर्यटन स्थल में निर्मित ओपन थिएटर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने झुमका जलाशय में बोटिंग कर प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन किया और विकसित पर्यटन सुविधाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने झुमका जलाशय में शिकारा पर सवार होकर नौका विहार किया। चारों ओर हरियाली, शांत जलराशि और कमल के फूलों से सजा यह स्थल अब आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में उभर रहा है। उन्होंने यहां बोटिंग और वाटर स्पोर्ट्स सहित पर्यटन गतिविधियों की व्यवस्थाओं की सराहना की।

लगभग 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित 500 दर्शक क्षमता वाले ओपन थिएटर का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि झुमका जलाशय कोरिया जिले की पहचान होने के साथ पूरे छत्तीसगढ़ में पर्यटन संभावनाओं का प्रमुख केंद्र है। राज्य सरकार पर्यटन स्थलों के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों को पर्यटकों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा स्थानीय युवाओं को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भैयालाल राजवाड़े, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *