बीजापुर-अटल आवास मंदिर समिति द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार और रविवार को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शनिवार को बीजापुर स्थित गायत्री मंदिर से नव निर्मित शिव मंदिर तक शिवलिंग को बाजा-गाजा और डीजे की धुन के साथ शोभायात्रा के रूप में लाया गया। पूरे वार्ड में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में देर रात तक भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रविवार को प्रातः विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंग को मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत अटल आवास परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें नगर एवं वार्ड के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर अटल आवास मंदिर समिति के सदस्य, वार्ड की पार्षद एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।