रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग ने कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं के लिए समय-सारणी जारी कर दी है। इस वर्ष 5वीं की परीक्षा 16 मार्च से और 8वीं की परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से आयोजित की जाएंगी।
इस सत्र से राज्य में साय कैबिनेट के निर्णय के अनुसार 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं केंद्रीकृत प्रणाली से ली जा रही हैं। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
परीक्षा आयोजन के साथ ही विभाग ने विद्यार्थियों के हित में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस साल किसी भी बच्चे को फेल नहीं किया जाएगा। यदि कोई छात्र मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाता है, तो उसे सप्लीमेंट्री परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाएगा। इसके बावजूद यदि छात्र सफल नहीं होता है, तो भी उसे अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।