85 बटालियन CRPF ने पुलवामा के शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बीजापुर : नयापारा बीजापुर स्थित 85 बटालियन सी0आर0पी0एफ0 मुख्यालय प्रांगण में दिनांक 14/02/2026 को पुलवामा के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन द्वारा वर्ष 2019 में जम्मू व कश्मीर के पुलवामा जिले में हुए आतंकी हमले के शहीदों को यादकर वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

सुनील कुमार राही, कमांडेण्ट 85 बटालियन सी0आर0पी0एफ0 द्वारा अवगत कराया गया कि दिनांक 14/02/2019 को जम्मू व कश्मीर के पुलवामा जिले में जम्मू से श्रीनगर जा रही सी0आर0पी0एफ0 के एक बड़े काफिले को आतंकवादियों द्वारा निशाना बनाकर एक भीषण आत्मघाती आतंकी हमला किया गया था जिसमें 40 से अधिक सी0आर0पी0एफ0 के जवान शहीद हुए। यह आतंकी हमला देश व सी0आर0पी0एफ0 के इतिहास में सबसे निंदनीय आतंकी हमलों में से एक था। इस घटना ने पूरे राष्ट्र को शोकाकुल कर दिया था साथ ही आतंकवाद के विरुद्ध देश की लड़ाई को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प भी दिया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान शहीदों की पवित्र स्मृति पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा सभी अधिकारियों एवं जवानों द्वारा एक मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों ने देश की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई। इस कार्यक्रम में सुनील कुमार राही, कमांडेंट-85 बटालियन, सी0आर0पी0एफ0, सभी राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का वातावरण गंभीर, श्रद्धापूर्ण एवं देशभक्ति के भावना से भरा हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *