जज़्बे की जीत: दिव्यांग शिवा राव ने मिस्टर छत्तीसगढ़ में जीता सिल्वर मेडल

रायपुर। हौसलों के आगे शारीरिक सीमाएं छोटी पड़ जाती हैं, यह साबित कर दिखाया है रायपुर के 21 वर्षीय शिवा राव ने। दोनों पैरों से दिव्यांग होने के बावजूद शिवा ने दुर्ग जिले के भिलाई में आयोजित मिस्टर छत्तीसगढ़ बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

कई सक्षम प्रतिभागियों के बीच मंच पर उतरना ही बड़ी चुनौती थी, लेकिन शिवा ने आत्मविश्वास, बेहतरीन फिटनेस और मसल कंट्रोल से जजों और दर्शकों को प्रभावित कर दूसरा स्थान हासिल किया। वे पिछले सात वर्षों से नियमित और कठोर प्रशिक्षण ले रहे हैं। सख्त डाइट, अनुशासन और घंटों की मेहनत उनकी दिनचर्या का हिस्सा है।

अब तक शिवा कुल 9 मेडल जीत चुके हैं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उनकी सफलता के पीछे पिता ए. सीमांचल का सहयोग और माता ए. सीता की प्रेरणा बड़ी ताकत रही है।

अब शिवा का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *