26/11 के बाद बंद हुई सड़क, ताज होटल को देना होगा भारी जुर्माना

मुंबई की शान माना जाने वाला ताज महल पैलेस होटल एक बार फिर सुर्खियों में है। कोलाबा स्थित इस मशहूर होटल को बीएमसी ने 27.12 करोड़ रुपये का बकाया नोटिस थमाया है। यह मामला होटल के आसपास सुरक्षा के लिए घेरी गई सड़क और फुटपाथ की जगह के इस्तेमाल से जुड़ा है।

क्या है पूरा मामला?

साल 2008 में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद ताज होटल की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे। होटल के बाहर सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स और बड़े गमले यानी प्लांटर्स लगाए गए थे। इसके लिए होटल ने सड़क और फुटपाथ की काफी जगह का इस्तेमाल किया था। बीएमसी के रिकॉर्ड के मुताबिक यह जगह लगभग 869 वर्ग मीटर सड़क और 1136 वर्ग मीटर फुटपाथ है। अब प्रशासन ने इसी जगह का शुल्क मांगा है।

कितना है बकाया?

बीएमसी के ‘ए’ वार्ड द्वारा भेजे गए नोटिस के अनुसार ताज होटल को सड़क के उपयोग के लिए 4.97 करोड़ और फुटपाथ के लिए 22.15 करोड़ रुपये देने होंगे। इसमें मार्च 2026 तक का ब्याज भी जोड़ा गया है। कुल मिलाकर यह रकम 27.12 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

क्यों रद्द हुई छूट?

जानकारी के मुताबिक पहले होटल प्रबंधन ने इस शुल्क में रियायत की मांग की थी। साल 2021 में इसे लेकर एक प्रस्ताव को मंजूरी भी दी गई थी, लेकिन यह मामला लंबे समय तक लटका रहा। बाद में बीएमसी ने पुरानी छूटों की दोबारा जांच की। इस समीक्षा के बाद फरवरी 2025 में म्युनिसिपल कमिश्नर ने होटल को दी गई सभी रियायतें रद्द कर दीं। अब ताज के साथ-साथ पास के ट्राइडेंट होटल को भी बकाया चुकाने का नोटिस भेजा गया है। फिलहाल होटल प्रबंधन की तरफ से इस पर कोई बड़ी प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *