बलौदा बाजार जिले के अंबुजा विघापीठ के तीन छात्र छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल किया है जिसके लिए अब उन्हें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल द्वारा रायपुर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा जिसकी खबर लगते ही स्कूल में उत्साह का वातावरण है।
प्राप्त जानकारी अनुसार अंबुजा विद्यापीठ, रवान के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान योजना द्वारा आयोजित प्रारंभिक लिखित परीक्षा में विद्यालय के तीन मेधावी छात्रों—अनय शर्मा, रुद्रनील मैती और हन्नाश पंजवानी—ने शानदार सफलता हासिल की है।
इस कड़ी प्रतियोगिता में प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद अब इन होनहार छात्रों को “पी.एस.वाय राष्ट्रीय उत्कृष्टता सम्मान समारोह 2026” में पदक एवं निधि वितरण कर सम्मानित किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि के लिए आगामी 18 जुलाई 2026 को एक भव्य पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह गरिमामयी समारोह विमताराऑडिटोरियम, रायपुर में प्रातः 11 बजे से संपन्न होगा।
समारोह में देश और प्रदेश की कई शीर्ष राजनीतिक व प्रशासनिक हस्तियां शामिल होकर बच्चों का हौसला बढ़ाएंगी।
मुख्य आतिथ्य छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल श्री रमेन डेका जी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
अतिविशिष्ट अतिथि: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा माननीय मंत्री गजेन्द्र यादव उपस्थित रहेंगे।
विशेष अतिथि: माननीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक और रायपुर लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद व पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
इस विशिष्ट कार्यक्रम में पी.एस.वाय शैक्षणिक एवं अनुसंधान संघ के निदेशक डॉ. एस.के. मिश्र, स्कूल शिक्षा विभाग के श्रीमान सचिव तथा लोक शिक्षण (छ.ग.) के संचालक विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संयोजन पीएसवाय (छ.ग.) की मुख्य योजना समन्वयक श्रीमती शुभ्रा शुक्ला मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे स्कूल परिसर में हर्ष का माहौल है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर अडानी समूह की मुख्य शिक्षा अधिकारी और अंबुजा विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय ने चयनित छात्रों, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।
छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार पाण्डेय जी ने अपने आशीर्वचन में कहा।”यह सफलता हमारे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। अंबुजा विद्यापीठ हमेशा से बच्चों के सर्वांगीण विकास और उन्हें राष्ट्रीय मंचों के योग्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। हमारे छात्रों का महामहिम राज्यपाल महोदय के हाथों सम्मानित होना पूरे विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।”
इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय के अन्य छात्रों में भी भारी उत्साह है। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी छात्रों को ऐसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।