कोरबा मर्डर: यूट्यूबर बेटी ने की पिता की हत्या, मुआवजे को लेकर हुआ था विवाद

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम रलिया में जमीन के मुआवजे के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में एक बेटी ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। आरोपी युवती सोशल मीडिया पर यूट्यूबर के रूप में सक्रिय है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रलिया निवासी अशोक कुमार केंवट का अपनी 27 वर्षीय बेटी गीता केंवट से मुआवजे की राशि को लेकर सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि अशोक को जमीन अधिग्रहण के बदले मुआवजा मिला था, जिसके बंटवारे के लिए उसकी पत्नी और तीनों बेटियां गांव आई हुई थीं। रात करीब दो बजे चर्चा के दौरान पिता ने बेटी को फटकार लगाते हुए समझाइश दी, जो युवती को नागवार गुजरी। गुस्से में आकर गीता ने पास रखे हंसिया से पिता के चेहरे और गले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे अशोक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी ने खुद परिजनों को इसकी जानकारी दी। कमरे में बिस्तर पर खून से लथपथ शव देखकर घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है। आरोपी युवती पूर्व में सोशल मीडिया पर एक विवादित वीडियो पोस्ट करने के कारण चर्चा में आई थी, जिसके खिलाफ पूर्व में शिकायत भी दर्ज हुई थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *