रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है और फरवरी के पहले पखवाड़े तक स्थिति इसी तरह रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, हालांकि अगले दो दिनों तक मौसम में किसी विशेष परिवर्तन के संकेत नहीं हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस अवधि में प्रदेश का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और उत्तर पाकिस्तान के ऊपर स्थित है, जिसका प्रभाव मौसम पर पड़ रहा है। प्रदेश में बुधवार से न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो बुधवार सुबह शहर में हल्की धुंध छाए रहने के आसार हैं। अगले 24 घंटों के दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी आसमान साफ रहने और धूप खिली रहने की उम्मीद जताई गई है।